Showing posts with label संघ के ध्येयवाद. Show all posts
Showing posts with label संघ के ध्येयवाद. Show all posts

Thursday, 3 February 2011

राष्ट्र का संगठन आर.एस.एस (R.S.S.)

राष्ट्र का संगठन आर.एस.एस (R.S.S.)             

राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ जिसे आर.एस.एस (R.S.S.) जाना जाता है मुझे नही लगता कि किसी को संघ की  पहचान बताने की जरूरत है। आज यह कहना ही उचित होगा कि इसके आलोचक ही इसकी मुख्य पहचान है। जब आलोचक संघ की कटु आलोचना करते नज़र आते है तब तब संघ और मजबूत होता हुआ दिखाई पड़ता है। छद्म धर्मनिरपेक्षवादी लोगो को यही लगता है कि भारत उन्ही के भरोसे चल रहा होता है किन्‍तु जानकर भी पागलो की भांति हरकत करते है जैसे उन्‍हे पता ही न हो कि संघ की वास्‍तविक गतिविधि क्‍या है ?
RSS chif mohan ji bhagvat
संघ के बारे थोड़ा बताना चाहूँगा उन धर्मनिरपेक्ष बंदरो को जो अपने आकाओ के इसारे पर नाचने की हमेशा नाटक करते रहते है।  राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्‍थापना सन् 27 सितंबर 1925 को  विजय दशमी के दिन  मोहिते के बाड़े नामक स्‍थान पर डॉक्टर केशवराव बलिराम हेडगेवार उपाख्य डॉक्टर जी ने की थी। संघ के 5 स्‍वयंसेवको के साथ शुरू हुई विश्व की पहली शाखा आज 50 हजार से अधिक शाखाओ में बदल गई और ये 5 स्‍वयंसेवक आज करोड़ो स्‍वयंसेवको के रूप में हमारे समाने है। संघ की विचार धारा में राष्ट्रवाद, हिंदुत्व, हिंदू राष्ट्र, राम जन्मभूमि, अखंड भारत, समान नागरिक संहिता जैसे विजय है जो देश की समरसता की ओर ले जाता है। कुछ लोग संघ की सोच को राष्ट्र विरोधी मानते है क्‍योकि उनका काम ही है यह मानना, नही मानेगे तो उनकी राजनीतिक गतिविधि खत्‍म हो जाती है।

RSS sangh chalak mohan ji bhagwat

 राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ की हमेशा अवधारणा रही है कि 'एक देश में दो प्रधान, दो विधान, दो निशान नहीं चलेंगे, नहीं चलेंगे' बात सही भी है। जब समूचे राष्ट्र और राष्ट्र के नागरिको को एक सूत्र मे बाधा गया है तो धर्म के नाम पर कानून की बात समझ से परे हो जाती है, संघ द्वारा समान नागरिक संहिता की बात आते ही संघ को सामप्रदायिक होने की संज्ञा दी जाती है। अगर देश के समस्‍त नागरिको के लिये एक नियम की बात करना सामप्रदायिकता है तो मेरी नज़र में इस सामप्रदायिकता से बड़ी देशभक्ति और नही हो सकती है।
 Rashtriya Swayamsevak Sangh  RSS
संघ ने हमेशा कई मोर्चो पर अपने आपको स्‍थापित किया है। राष्ट्रीय आपदा के समय संघ कभी यह नही देखता‍ कि किसकी आपदा मे फसा हुआ व्‍यक्ति किस धर्म का है। आपदा के समय संघ केवल और केवल राष्ट्र धर्म का पालन करता है कि आपदा मे फसा हुआ अमुख भारत माता का बेटा है। गुजरात में आये भूकम्प और सुनामी जैसी घटनाओ के समय सबसे आगे अगर किसी ने राहत कार्य किया तो वह संघ का स्‍वयंसेवक था। संघ के प्रकल्पो ने देश को नई गति दी है, जहाँ दीन दयाल शोध संस्थान ने गांवों को स्वावलंबी बनाने की महत्वाकांक्षी योजना बनाई है। संघ के इस संस्‍थान ने अपनी योजना के अंतगत करीब 80 गांवों में यह लक्ष्य हासिल कर लिया और करीब 500 गांवों तक बिस्‍तार किए जाने हैं। दीन दयाल शोध संस्थान के इस प्रकल्प में संघ के हजारों स्‍वयंसेवक बिना कोई वेतन लिए मिशन मानकर अपने अभियान मे लगे है। सम्‍पूर्ण राष्‍ट्र में संघ के विभिन्‍न अनुसांगिक संगठनो राष्ट्रीय सेविका समिति, विश्व हिंदू परिषद, भारतीय जनता पार्टी, बजरंग दल, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, राष्ट्रीय सिख संगत, भारतीय मजदूर संघ, हिंदू स्वयंसेवक संघ, हिन्दू विद्यार्थी परिषद, स्वदेशी जागरण मंच, दुर्गा वाहिनी, सेवा भारती, भारतीय किसान संघ, बालगोकुलम, विद्या भारती, भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम सहित ऐसे संगठन कार्यरत है जो करीब 1 लाख प्रकल्‍पो को चला रहे है।
rashtriya swayamsevak sangh 
संघ की प्रार्थना भी भारत माता की शान को चार चाँद लगता है, संघ की प्रार्थना की एक एक लाईन राष्‍ट्र के प्रति अपनी सच्‍ची श्रद्धा प्रस्‍तुत करती है संघ की प्रार्थना और उसके अर्थ को पढ़ा जा सकता है। संघ का गाली देने से संघ का कुछ बिगड़ने वाला नही है अप‍ितु गंदे लोगो की जुब़ान की गन्‍दगी ही परिलक्षित होती है।

 swayamsevak adhikari

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ  

rssसंघ का इतिहास

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना कलकत्ता से डॉक्टरी की पढ़ाई पूरी कर क्रांतिकारियों के प्रभाव व राष्ट्रभक्ति से भरपूर तात्कालीन परिदृश्य को बदलने की इच्छा के चलते डॉ. केशव बलीराम हेडगेवार ने नागपुर में 27 सितंबर 1925 को की थी। इसकी स्थापना हेडगेवार ने पांच लोगों के साथ मिलकर विजयदशमी के दिन की थी। वर्तमान में संघ दुनिया का सबसे बड़ा समाज सेवी संगठन है, जो पूरी दुनिया में सक्रिय है। म्यांमार में यह सनातन धर्म स्वयं सेवक संघ के नाम से जाना जाता है तो मॉरीशस में यह मॉरीशस स्वयंसेवक संघ के नाम से काम करता है।

मोहन भागवत दूसरे सबसे युवा संघचालक

59 साल की आयु में संघ चालक बनने वाले मोहन भागवत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दूसरे सबसे युवा संघ चालक हैं। इनसे पहले डॉ. माधव सदाशिव गुरुजी गोलवलकर ऐसे संघ चालक थे जो सबसे युवा थे। मोहन भागवत का जन्म 1950 में महाराष्ट्र के चंद्रपुर में हुआ था। वे बचपन में ही संघ से जुड़ गए थे। जिसके बाद किशोरावस्था में अकोला के जिला प्रचारक बने। यहां से नागपुर फिर बिहार तक का सफर किया। सुदर्शन जब संघ प्रमुख बने तो भागवत दूसरे प्रमुख पद सर कार्यवाहक पर बैठाए गए। जिसके बाद ही यह तय हो गया था कि सुदर्शन के बाद भागवत ही संघ की कमान संभालेंगे।

sssहर जगह पैठ है संघ की

संघ की ताकत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि संघ की पहुंच समाज के हर तबके में है। चाहे स्कूल कॉलेज हो, आदिवासी इलाके हो या फिर दिल्ली का राजनैतिक गलियारा। भारतीय जनता पार्टी, विश्व हिंदू परिषद, अभा विद्यार्थी परिषद, भारतीय मजदूर संघ, विद्या भारती, भारतीय किसान संघ आदि। कुछ संबंधित संगठन भी हैं, जैसे - दीनदयाल शोध संस्थान, प्रज्ञा भारती, संस्कार भारती, वनवासी कल्याण परिषद, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत एवं सेवा भारती वगैरह।

छात्र राजनीति में संघ अभा विद्यार्थी परिषद के रूप में काम करता है तो आदिवासी इलाको में वनवासी कल्याण परिषद का बैनर है। इसी तरह कर्मचारियों के बीच भारतीय मजदूर संघ के रूप में देखा जा सकता है। स्कूलों में विद्या भारती तो समाज में विश्व हिंदू परिषद के रूप में यह कार्यरत है। संघ कभी भी अपने आपको एक राजनैतिक संस्था नहीं मानता है लेकिन भाजपा को पूरी तरह समर्थन देता है। या यूं कहें कि संघ का राजनीतिक चेहरा भारतीय जनता पार्टी है। संघ समय समय पर अपने वरिष्ठ कार्यकत्ताओं को भाजपा में भेजता है ताकि संघ और पार्टी में समन्वय बना रहा।

भारतीय जनता पार्टी : भारतीय जनता पार्टी की स्थापना छह अप्रैल 1980 को हुई थी। भाजपा संघ से निकली एक शाखा है। भाजपा भारतीय जनसंघ का नया रूप है। 1951 में गुरुजी के आर्शीवाद से डॉ.श्यामाप्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में भारतीय जनसंघ की स्थापनी की गई थी। जनसंघ ने आपातकाल के दौरान जय प्रकाश नारायण के साथ जुड़ कर इंदिरा गांधी का जोरदार ढंग से विरोध किया था। 1980 में भाजपा के जन्म के साथ ही देश में एक नई राजनीति का जन्म हुआ। भाजपा के कई वरिष्ठ नेता संघ के कार्यकर्ता के रूप में काम करते रहे। जिसके लिए काफी विवाद भी हुआ। लेकिन अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी जैसे नेताओं ने साफ तौर पर कहा कि हम अपनी मातृ संस्था को नहीं छोड़ सकते। 1951-1977 तक भारतीय जन संघ फिर जनता पार्टी और फिर 1980 में भारतीय जनता पार्टी के नाम से यह काम कर रही है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद दुनिया का सबसे बड़ा छात्र संगठन है। इसका मूल मंत्र ज्ञान, शील और एकता है। इसकी स्थापना नौ जुलाई 1959 को मुंबई में हुई थी। इसकी स्थापना का श्रेय प्रोफेसर ओमप्रकाश बहल को दिया जाता है। इस संगठन का मूल उद्देश्य राष्ट्रीय पुननिर्माण है। इसकी चार स्तरीय इकाईयां होती है। पहली कॉलेज इकाई, दूसरी नगर इकाई, तीसरी प्रांत इकाई और चौथी राष्ट्रीय इकाई। इसे संघ की छात्र शाखा कहा जा सकता है क्योंकि जब इसकी स्थापना हुई थी तो भाजपा कहीं भी अस्तिव में नहीं थी।

बजरंग दल : बजरंग दल, संघ परिवार और विश्व हिंदू परिषद की कड़ी का युवा चेहरा है। इसकी स्थापना एक अक्टूबर 1984 को उत्तर प्रदेश में की गई थी, जिसके बाद इसका विस्तार पूरे भारत में होता गया। बजरंग दल के दावे पर विश्वास करें तो देश भर में इसके 1.30 करोड़ सदस्य और 85 लाख कार्यकर्ता हैं। संघ की शाखा की तरह बजरंग दल अखाड़ा चलाती है। जिनकी संख्या ढाई हजार के आसपास है। बजरंग दल का सूत्रवाक्य सेवा, सुरक्षा और संस्कृति है।

क्या है शाखा

संघ की सबसे बड़ी शक्ति उसकी शाखा है जो पूरे देश में लगती है। यह शाखा किसी सार्वजनिक स्थान पर 1-2 घंटे के लिए लगती है। जिसमें बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शामिल होते हैं। आज संघ की देशभर में लगभग 45-50 हजार शाखाएं हैं और 45 लाख स्वयंसेवक हैं। इन शाखाओं में व्यायाम, योग के साथ सभ्य समाज में कैसे योगदान दिया जाए, सिखाया जाता है। इसी के साथ भारतीय संस्कृति की रक्षा के साथ आपत्ति के समय कैसे लोगों की मदद की जाए, यह भी शाखा में सिखाया जाता है।

untitled_03संघ की आलोचनाएं

देश के राष्ट्रपति महात्मा गांधी की हत्या करने वाला नाथूराम गोडसे संघ का ही कार्यकर्ता था। महात्मा गांधी की कथित मुस्लिम तुष्टीकरण नीति से गुस्सा होकर 1948 में नाथूराम गोडसे ने गांधी की हत्या कर दी थी। जिसके बाद संघ पर प्रतिबंध लगाया दिया गया था। लेकिन जांच के बाद संघ को इस आरोप से बरी कर प्रतिबंध समाप्त कर दिया गया। संघ के आलोचकों द्वारा संघ को एक अतिवादी दक्षिणपंथी संगठन बताया जाता है। इसके साथ हिंदूवादी और फासीवादी संगठन के तौर पर भी संघ को प्रचारित किया जाता है। लेकिन संघ इन आरोपों से इंकार करते हुए कहता है कि हम हिंदू हित की बात करते हैं जो कि जायज है। 


 
कितनी बार पाबंदी?

26-02-1948 गांधी हत्या के ठीक बाद (12-07-1949 को बिना शर्त हटी)

04-07-1975 आपातकाल के समय (23-03-1977 को सरकार बदलने से हटी)

10-12-1992 विवादित ढांचा ढहने के बाद (न्यायालय ने 04-06-1993 को हटाई)

कौन-कौन कर्णधार?

डॉ. केशव बलीराम हेडगेवार (1925-1940)

डॉ. माधव सदाशिव गुरुजी गोलवलकर (1940-1973)

बालासाहब देवरस (1973-1993-94)

प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैय्या) (1994-2000)

के. सी. सुदर्शन (2000-2009)

मोहन भागवत (मार्च 2009 से)

Thursday, 16 December 2010

महानता का रहस्य : : समष्टिमय जीवन - पं. दीनदयाल उपाध्याय

समष्टिमय जीवन - पं. दीनदयाल उपाध्याय


by राजेन्द्र सिंह चौहान on साभार - श्री गुरूजी जन्म शताब्दी
एक सज्जन ने, जो अपने-आपको संघ के विरोधी समझते हैं, कहा : ''राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक के नाते नहीं, बल्कि श्री माधवराव गोलवलकर के नाते श्री गुरुजी के व्यक्तित्व में मेरी श्रध्दा है।'' उनका कथन कोई अनूठा नहीं, क्योंकि इस प्रकार का विचार करने वाले बहुत से हैं। एक समय वह भी था (सन् १९४८ में) जब बड़ों-बड़ों ने यह कहा कि 'संघ और संघ के स्वयंसेवक तो अच्छे है, किन्तु उनके नेता और संचालक उन्हें गलत दिशा की ओर ले जा रहे हैं।' अर्थात् दोनों प्रकार के व्यक्तियों की भावनाओं में अंतर हो सकता है, किन्तु विचारों की भूमिका में नहीं। उनके अनुसार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक और श्री माधवराव गोलवलकर दो व्यक्ति हैं। मेरे अनुसार वे दोनों को ही नहीं समझ पाए, न तो संघ को और न श्री गुरुजी को।

महानता का रहस्य

मैं जब यह कहता हूँ कि श्री गुरुजी का व्यक्तित्व संघ के सरसंघचालक से पृथक् कुछ भी नहीं, तो मेरा यह अर्थ नहीं कि उनमें महान् विभूतिमत्व का अभाव है। संघ के सरसंघचालक बनने पर उन्होंने कहा था कि 'यह तो विक्रमादित्य का आसन है, इस पर बैठकर गडरिये का लड़का भी न्याय करेगा।' विनय के साथ उन्होंने अपनी तुलना गडरिये के लड़के से की। किन्तु कोई यह समझने की भूल नहीं कर सकता कि उनकी अप्रतिम महत्ता सिंहासन के कारण नहीं, अपितु उनके अपने विक्रम के कारण है। हाँ, उन्होंने अपनी सम्पूर्ण शक्ति और विक्रम को संघ के साथ एकरूप कर दिया और वही है उनके जीवन का लक्ष्य और उनकी महानता का रहस्य।

अविस्मरणीय पाठ

सन् १९३८ की बात है, संघ के आद्य सरसंघचालक परम पूजनीय डाक्टर हेडगेवार जीवित थे। उसी वर्ष श्री गुरुजी नागपुर में लगने वाले अधिकारी शिक्षण शिविर के सर्वाधिकारी थे। शिविर की समाप्ति के पूर्व उसमें भाग लेने वाले स्वयंसेवकों ने परम पूजनीय डाक्टर जी को भेंट करने के लिए निधि एकत्र की। प्रत्येक ने अपनी-अपनी श्रध्दा के अनुसार दिया। यह किसी को ज्ञात नहीं था कि किसने क्या दिया? एक स्वयंसेवक ने निधि में कुछ न देते हुए अपनी श्रध्दा के स्वरूप परम पूजनीय डाक्टर जी को घड़ी की सोने की चैन भेंट की। निधि और चैन भेंट करने का कार्यक्रम हुआ। हम लोग अपने मन में उस स्वयंसेवक की प्रशंसा कर रहे थे जिसने त्याग करके वह सोने की चैन भेंट की। हमारे सम्मुख वही उस दिन का हीरो था। सर्वाधिकारी के नाते श्रीगुरुजी समारोप भाषण के निमित्त खड़े हुए। अपने भाषण में उन्होंने सोने की चैन का उल्लेख करते हुए कहा : ''मैं मानता हूँ कि जिस स्वयंसेवक ने यह चैन भेंट की है, उसके मन में डाक्टर जी के प्रति बड़ा आदर, प्रेम एवं श्रध्दा है, किन्तु वह अभी पूरा स्वयंसेवक नहीं है, उसमें कहीं न कहीं उसका 'अहं' छिपा हुआ है। जो निधि दी गई है, उसमें किसी का व्यक्तित्व पृथक नहीं, उस निधि में साथ न देते हुए अलग से देने के मूल में अपने व्यक्तित्व की पृथकता और अहंकार है।''श्री गुरुजी के ये शब्द सुन कर हम लोगों को एकदम धक्का लगा, किन्तु संघ का स्वयंसेवक बनने के लिए अपने व्यक्तित्व को संघ जीवन में कितना विलीन करना पड़ता है, इसका ऐसा पाठ मिल गया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।

समष्टि का हित-विचार

अपने सम्पूर्ण जीवन को संघ के साथ एकरूप करने का कहीं आदर्श मिल सकता है तो वह परम पूजनीय श्री गुरुजी के जीवन में। किसी ध्येय तथा कार्य के साथ तादात्म्य सरल नहीं और विशेष कर उस व्यक्ति के लिए, जो उस संस्था का सर्वप्रथम नेता हो। यदि किसी अन्य व्यक्ति के सम्मुख व्यष्टि और समष्टि में संघर्ष आ जाए या दिशा का संभ्रम उपस्थित हो जाए, तो वह समष्टि की भावनाओं, इच्छाओं और आकांक्षाओं के प्रतीक अपने नेता की आज्ञा को सर्वमान्य कर सकता है, उसका मार्ग सरल है। किन्तु जिस व्यक्ति के ऊपर संपूर्ण कार्य के नेतृत्व की जिम्मेदारी हो, वह अपनी अंतरात्मा को छोड़कर और किससे प्रेरणा ले सकता है? जनतंत्र की प्रचलित पध्दतियाँ वहाँ निरुपयोगी सिध्द होंगी। उनसे समष्टि की भावना और उसके हिताहित का पता नहीं चलता। सत्य न तो अनेक असत्यों अथवा अर्ध-सत्यों का औसत है और न उनका योग। फिर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ही तो सम्पूर्ण समष्टि नहीं, वह तो समष्टि का एक बिन्दु मात्र है। उन्हें तो सम्पूर्ण समाज का विचार करना होता है।

पूर्ण तादात्म्य

पूजनीय गुरुजी ने समष्टि का हित ही अपने सम्मुख रखकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का संचालन किया है। कई बार वे लोग, जो या तो उन्हें समझ नहीं पाते अथवा समष्टि हित की अपेक्षा किसी छोटे हित को सम्मुख रख कर संघ की गतिविधि का संचालन चाहते हैं, वे श्री गुरुजी की दृढ़ता और सिध्दान्तों का आग्रह देखकर उन्हें अधिनायकवादी कह देते हैं, किन्तु वे उस मनोवृत्ति से कोसों दूर हैं। उनका अपना मत कुछ नहीं, संघ का मत ही उनका मत है और उनका मत ही संघ का मत होता है, क्योंकि उन्होंने पूर्ण तादात्म्य का अनुभव किया है।

अद्भुत विनम्रता और आत्मीयता

ऐसे अनेक अवसर आए हैं, जब व्यक्ति और संस्था की प्रतिष्ठा की चिंता न करते हुए उन्होंने राष्ट्र के हितों को सर्वोपरि महत्व दिया है। सन् १९४८ में जब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर प्रतिबंध लगा, उस समय यदि वे चाहते तो शासन की खुली अवज्ञा करके अपनी शक्ति का परिचय दे सकते थे, किन्तु उन्होंने संघ के कार्य का विसर्जन करके अपनी देशभक्ति का परिचय दिया। प्रतिबंध उठने के पश्चात् स्थान-स्थान पर उनका भव्य स्वागत हुआ। दिल्ली में रामलीला मैदान पर जो सभा हुई, उसका आदि और अंत नहीं दिखता था। बड़े से बड़े संत के अहंकार को जगा देने के लिए वह दृश्य पर्याप्त था। जब श्री गुरुजी बोलने के लिए खड़े हुए तो उन्होंने कहा : ''यदि अपना दाँत जीभ काट ले तो मुक्का मारकर वह दाँत नहीं तोड़ा जाता।''
लोग चकित रह गए। उन्होंने आशा की थी कि गुरुजी सरकार के अत्याचारों और अन्याय की निन्दा करते हुए खूब खरी-खोटी सुनायेंगे। किन्तु उस महापुरुष की गहराई को वे नाप नहीं पाए। वहाँ तो सबके लिए आत्मीयता ही है।

'मैं नहीं, तू ही'

यह आत्मीयता ही उनकी महानता और उनके प्रति व्यापक श्रध्दा का कारण है और उनकी महानता इसमें है कि वे इस आत्मीयता को लेकर चल सके हैं। गत वर्ष 'धर्मयुग' साप्ताहिक ने भारत के अनेक महापुरुषों के जीवन के ध्येयवाक्य छापे थे। पूजनीय श्री गुरुजी का धयेयवाक्य सबसे छोटा किन्तु समर्पक था : 'मैं नहीं, तू ही।' इन चार शब्दों में श्री गुरुजी का संपूर्ण जीवन समाया हुआ है। यह 'तू' कौन है? संघ, समाज, ईश्वर - वे तीनों को एकरूप करके चलते हैं। तीनों की सेवा में विरोध नहीं, विसंगत नहीं। 'एकहि साधो सब सधो' के अनुसार वे संघ की साधना करके सबकी साधना में लगे हुए हैं। उनका जीवन ही साधना बन गया है।

स्थितप्रज्ञता

फलत: संघ के अतिरिक्त वे किसी चीज को नहीं पहचानते। उनकी ध्येयदृष्टि इतनी पैनी है कि लोगों की प्रशंसा और विरोध - दोनों में ही वे विचलित नहीं होते। संघ पर प्रतिबंध लगने के बाद जब कुप्रचार के कारण संघ को शैतान का दूसरा स्वरूप समझा जाता था, तब भी वे अपने ध्येय पर अविचल रहे और जब प्रतिबंध हटने के पश्चात् चारों ओर विशाल स्वागत समारोह हुए, वे उस हवा में नहीं बहे।

समाचार है कहाँ?

हम लोग समाचार-पत्र पढ़ रहे थे। आदि से अंत तक करीब-करीब सारा पत्र पढ़ डाला। इतने में पूजनीय श्री गुरुजी ने कमरे में प्रवेश किया और सहज भाव से पत्र उठाकर इधार-उधार निगाह डाली। सुर्खियां देखीं, पन्ने उल्टे और पत्र रख दिया। बातचीत शुरू हो गई। उसके दौरान संघ-संबंधी एक समाचार, जो उसी पत्र में छपा था, का जिक्र आ गया। 'परंतु वह समाचार है कहाँ?' मैंने पूछा। 'इसी अखबार में तो है' पूजनीय गुरुजी ने कहा। मैंने पूरा अखबार पढ़ा था, मुझे वह समाचार कहीं नहीं दिखा। अखबार को लेकर फिर पन्ने उल्टे, पर संघ का वहाँ कहीं नाम भी नहीं दिखा। गुरुजी ने मेरी हैरानी देखकर अखबार हाथ में लिया और बताया 'यह है वह समाचार।' बाजार भावों के पन्ने पर एक ओर वह छोटा-सा समाचार छपा था।
'कहाँ छाप दिया है? हम लोग क्या व्यापारी हैं, जो इस पन्ने पर निगाह जाती?' मैंने मन ही मन सोचा। दूसरे ही क्षण विचार आया 'पूजनीय गुरुजी भी तो व्यापारी नहीं, वे तो कोसों दूर हैं, मोल-तोल और भाव-ताव से। उनकी निगाह कैसे गई? और फिर अखबार भी मेरी तरह पूरा नहीं पढ़ा था, सुर्खियां ही इतनी थीं कि जितनी देर वह पत्र उनके हाथ में रहा, पूरी नहीं पढ़ी जा सकती थीं।'

हम देखते हैं, वे पढ़ते हैं

मैंने अपनी शंका रखी भी नहीं, पर शायद वे समझ गए। उन्होंने इतना ही कहा : 'भीड़ में भी माँ को अपना बच्चा दिख जाता है, कोलाहल में भी आत्मीयजनों के शब्द साफ समझ में आते हैं।' मेरी समझ में आ गया। उनकी वही आत्मीयता है, जिसके कारण वे उस समाचार को देख सके। अन्य देशों के ऐसे कितने ही समाचार उनकी निगाह में आ जाते हैं जबकि हम लोग नेताओं के वक्तव्य पढ़ते-पढ़ते ही समाचार-पत्रों को पी जाने की कोशिश तो करते हैं, किन्तु अनेक महत्वपूर्ण समाचारों को छोड़ जाते हैं। वे अक्सर कहते : 'मैं तो समाचार-पत्र नहीं पढ़ता। पर मैं कहूँगा कि वे (श्री गुरुजी) ही समाचार-पत्र पढ़ते हैं, हम लोग तो उन्हें देखते हैं और बहुत देर तक देखते रहते हैं।

एकात्मता से उत्पन्न अचूक दृष्टि

एक बार उन्हें एक पुस्तक, जो हाल ही छप कर आई थी, दिखाई। पुस्तक उन्होंने हाथ में ली। इधर-उधर देखा और सहज ही एक जगह से खोला। एक वाक्य पढ़ते हुए पूछा : 'यह क्या लिखा है?' वहाँ गलती थी। मैंने उसे स्वीकार किया। उन्होंने फिर दूसरा पृष्ठ खोला और वहाँ भी ऐसी ही एक अशुध्दि निकल आई। पुस्तक मैंने ले ली। बाद में फिर से उसे आदि से अंत तक देखा। वही दो अशुध्दियाँ थीं। पूजनीय गुरुजी की निगाह बिना किसी प्रयास के उन अशुध्दियों पर ही कैसे गई? उन्हें कोई सिध्दि प्राप्त नहीं थी और न यह कोई तुक्का था, जो लग गया। ऐसे और भी अनुभव आए हैं।
कहना न होगा कि यह कार्य की लगन और एकात्मता है जिसने उन्हें अचूक दृष्टि दी है। उसी दृष्टि के कारण वे प्रत्येक परिस्थिति में सत्य का दर्शन कर लेते तथा भविष्य के गर्भ में क्या छिपा है, इसका भी आभास पा जाते हैं। आगे की बात कहने के कारण यदि गंभीरतापूर्वक विचार नहीं किया जाए, तो उनकी बातें बड़ी अटपटी-सी लगती हैं, किन्तु थोड़े ही दिनों में उनकी सत्यता प्रमाणित हो जाती है।
सन् १९४७ में उन्होंने भावात्मक राष्ट्रीयता पर बल दिया, एकात्मता की बात कही, राष्ट्रीय चारित्र्य की आवश्यकता बताई, राजनीति की मर्यादाओं का उल्लेख करते हुए सांस्कृतिक अधिष्ठान पर समाज के संगठन का संदेश दिया। पिछले आठ वर्षों ने उनके प्रत्येक कथन को सत्य सिध्द किया है तथा प्रत्येक नई घटना उसे अधिकाधिक पुष्ट करती जा रही है। मैं तो नि:संकोच भाव से कहता हूँ कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों के बहुत से अगुआ होंगे, किन्तु जिसने संपूर्ण जीवन का पूर्णता के साथ आकलन किया और जो बिना किसी मोह या भय के एवं साहस के साथ उस सत्य का उच्चार कर सकता है, ऐसा एक व्यक्ति है और वह हैं : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक श्री माधवराव गोलवलकर। 
by राजेन्द्र सिंह चौहान
---------------------------------------------------
साभार - श्री गुरूजी जन्म शताब्दी  

स्वयंसेवकों से अपेक्षा : : संघ

स्वयंसेवकों से अपेक्षा

by  राजेन्द्र सिंह चौहान onसाभार - श्री गुरूजी जन्म शताब्दी वर्ष
संघ-संस्थापक पूजनीय डॉक्टर केशवराव बलिराम हेडगेवार के जीवन-काल के 15 वर्षों में संघ और उसके स्वयंसेवक शाखाओं के माधयम से हिन्दू समाज के संगठन-कार्य में ही संलग्न रहे। जून, 1940 में उनके दिवंगत होने पर पूजनीय श्रीगुरुजी के मार्गदर्शन के प्रारम्भिक कुछ वर्षों में संघ के स्वयंसेवक अपने समाज को पुष्ट करने तथा अपने समाज-बन्धुओं का संरक्षण करने में ही तल्लीन रहे। किन्तु कार्य विस्तार और स्वयंसेवक वर्ग में आयी परिपक्वता के फलस्वरूप संघ के स्वयंसेवकों का जब समाज-जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में प्रवेश होने लगा तब उनके लिए यह स्वाभाविक था कि संघ-शाखाओं से संस्कारयुक्त ये स्वयंसेवक समाज-जीवन के विविध क्षेत्रों में इस सनातन राष्ट्र की कालजयी संस्कृति के श्रेष्ठतम आदर्शों, संघ के ध्येयवाद, इस देश की पावन जीवन-पध्दति आदि की अमिट छाप वहाँ अंकित करते हुए राष्ट्र-जीवन को समुन्नत बनाने में अपना सक्रिय योगदान करने के दायित्व को पूर्ण करें।
प्रतिनिधि फलस्वरूप पत्रकारिता, विद्यार्थी, मजदूर, राजनीतिक, शिक्षक, किसान, वनवासी आदि अनेक क्षेत्रों में संघ-स्वयंसेवक सक्रिय हुए। पूजनीय श्रीगुरुजी ने इस विकास-क्रम को स्वाभाविक बताते हुए समाज-जीवन के विविध क्षेत्रों में सक्रिय हुए स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया और उन्हें स्पष्ट रूप से यह बताया कि जिस प्रकार अपने देश का एक राजदूत अन्य देश में जाकर इस राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने राष्ट्र के उदात्त आदर्शों की छाप वहाँ पर अंकित करने हेतु सदैव जागरूक और सचेष्ट रहता है, उसी भाँति संघ-स्वयंसेवकों को भी समाज-जीवन के विविधा क्षेत्रों में संघ के विचार और व्यवहार का प्रतिनिधि बन कर अपने क्रिया-कलापों से उच्चता, श्रेष्ठता, त्याग भावना, परस्पर बन्धुता, पवित्रता, आदर्शवादिता को व्यावहारिक रूप देकर संघ के विचार और आचार का प्रभाव प्रस्थापित करना चाहिए।
इसके साथ ही श्री गुरुजी ने समय-समय पर इन स्वयंसेवकों को असंदिग्ध शब्दों में यह भी स्पष्ट कर दिया था कि समाज-जीवन के विविध क्षेत्रों में अपनी सक्रियता को ही वे संघ-कार्य मानने की भूल न करें। स्वयंसेवक उन्हें नित्य चलने वाले संघ-कार्य के साथ पूर्ण करें क्योंकि उक्त विविध कार्य संघ-कार्य के लिए सहायक तो हो सकते हैं किन्तु वे उसका विकल्प कतई नहीं हैं। श्री गुरुजी के शब्दों में ''संघ-कार्य सर्वांगपूर्ण है। भिन्न-भिन्न क्षेत्रों में सक्रिय अपने कार्यकर्ता उन समस्त क्षेत्रों के एक-एक क्षेत्र को प्रभावित करने वाले प्रतिनिधि के समान हैं। संघ के दैनन्दिन कार्य से जीवन्त संबंध रख कर उनको अपने त्याग, तपस्या, श्रम तथा कौशल से हर क्षेत्र में आदर्श उपस्थित करते हुए संघ के महान लक्ष्य की पूर्ति करनी है।''

ग्रामोत्थान और ग्राम विकास

समाज-जीवन के विविध क्षेत्रों में सक्रिय संघ-स्वयंसेवकों के समक्ष अपने एक उद्बोधान में अपने उक्त कथन की व्याख्या करते हुए श्रीगुरुजी ने कहा था कि कृषि के क्षेत्र से संबध्द अपने स्वयंसेवकों की संख्या सम्पूर्ण देश में फैली हुई है। उनके मध्य कार्य करते समय स्वयंसेवकों को कृषि की दशा सुधारने, उपज बढ़ाने, कृषि को आधुनिक रूप देने, उनकी अशिक्षा को दूर कर उनके ज्ञान में वृध्दि करने, गोरक्षा और गो-संवर्धान को प्रोत्साहन देने आदि की दिशा में सक्रिय रूप से सचेष्ट होना चाहिए। किसान और खेतिहर मजदूर के मध्य सामंजस्य बैठाते हुए न्याय रीति से, सबकी भलाई का ध्यान रखकर उनके झगड़ों का सौहार्दपूर्ण हल खोजना होगा। इसके साथ ही किसान और खेतिहर मजदूर दोनों के ही मध्य अपनी पवित्र मातृभूमि का, धर्म- संस्कृति-समाज-परम्परा का बोध सम्यक् रूप से प्रस्थापित करने का प्रयास करना होगा क्योंकि उससे उनके मध्य समरसतापूर्ण जीवन का निर्माण होने के साथ संघ शाखा के रूप में दैनन्दिन श्रेष्ठ संस्कारों की योजना को भी व्यावहारिक रूप देकर सही अर्थों में ग्राम-विकास और ग्रामोत्थान के कार्य को आगे बढ़ाया जा सकेगा।

शिक्षा जगत्

इसी भाँति शिक्षा क्षेत्र में सक्रिय स्वयंसेवकों को सचेत करते हुए श्री गुरुजी ने कहा था कि आज तो शिक्षकों का काम शिक्षक संघ का चुनाव लड़ना, उसके माध्यम से राजनीतिक श्रेष्ठता प्राप्त करना, समय-समय पर वेतन-वृध्दि और सेवा सुरक्षा हेतु आन्दोलन करना और कम से कम काम करना हो गया है। अत: उनके मध्य कार्य करने वाले स्वयंसेवकों का यह दायित्व है कि वे उन्हें इस तथ्य से भलीभाँति अवगत करायें कि शिक्षक केवल वेतनभोगी कर्मचारी न होकर अपने विशाल समाज का एक अभिन्न अंग है। उस पर राष्ट्र की भावी पीढ़ी के निर्माण का गुरुतर दायित्व है। अत: उनका कार्य जहाँ शिक्षार्थियों में पाठयक्रम के आधार पर उनकी ज्ञान-वृध्दि करना है वहीं उनके अन्दर शील, चारित्र्य एवं बुध्दि आदि का विकास कर उनके मन-मस्तिष्क में ज्ञान की भूख जगाना भी है। किन्तु यह तभी संभव हो सकेगा जब शिक्षक वर्ग अपने स्वयं के आचरण से इन श्रेष्ठ जीवनादर्शों को शिक्षार्थियों के समक्ष प्रस्तुत करेगा और स्वयं भी ज्ञानार्जन के प्रति पूर्णरूपेण समर्पित होगा।

विद्यार्थी और शिक्षक

श्रीगुरुजी का स्पष्ट अभिमत था कि विद्यार्थी केवल परीक्षार्थी नहीं है। अत: परीक्षा में किसी भी प्रकार उत्तीर्ण हो जाना उसका ध्येय नहीं हो सकता। उसे आधुनीकतम ज्ञान से युक्त बनाना, उसके व्यक्तिगत और सामाजिक-राष्ट्रीय चारित्र्य का विकास करना, उसे परिपूर्ण मानव बनने के लिए प्रेरित करना यह शिक्षक तथा विद्यार्थियों के मध्य कार्य करने वाले स्वयंसेवकों का दायित्व है। उन्हें राष्ट्र की भावी पीढ़ी को अपने इस सनातन राष्ट्र की गौरवशाली परम्पराओं, उसके श्रेष्ठ जीवन-दर्शन, उसके वैशिष्टययुक्त राष्ट्र-जीवन आदि से अवगत कराकर विद्यार्थी समुदाय को उन श्रेष्ठ आदर्शों को अपने जीवन में चरितार्थ करने के लिए प्रेरित करने की दिशा में सचेष्ट होना चाहिए। विद्यार्थी जगत् में चल रही आंदोलनकारी प्रवृत्ति को राष्ट्र-जीवन के लिए घातक मानते हुए श्रीगुरुजी का कहना था कि आन्दोलन का सहारा तो अन्य कोई उपाय शेष न रहने पर ही लिया जाना चाहिए, अन्यथा नहीं। शैक्षणिक क्षेत्र में सक्रिय स्वयंसेवकों को इस तथ्य को भलीभाँति हृदयंगम कर आगे बढ़ना चाहिए कि विद्यार्थी और शिक्षक दो पृथक् परस्पर-विरोधी वर्ग न होकर एक-दूसरे से अभिन्न रूप में सम्बध्द हैं क्योंकि वे एक-दूसरे के पूरक हैं।

श्रमिक क्षेत्र

मजदूर और राजनीतिक क्षेत्र की चर्चा करते हुए श्रीगुरुजी ने कहा था कि इन दोनों क्षेत्रों में प्राय: अवसरवादिता का बोलबाला रहता है और उसके परिणामस्वरूप उनके नेताओं द्वारा उद्धोषित उनके श्रेष्ठ आदर्श, सिध्दान्त, जीवन-मूल्य आदि या तो समाप्त हो जाते हैं अथवा वे निष्प्रभावी बन जाते हैं।
श्री गुरुजी को मजदूर और राजनीतिक क्षेत्र का यह दुर्भाग्यपूर्ण चित्र राष्ट्र के व्यापक तथा दूरगामी हित की दृष्टि से अत्यधिक भयावह प्रतीत होता था। अत: उन्होंने इन क्षेत्रों में सक्रिय स्वयंसेवकों को सचेत करते हुए कहा था कि क्षणिक लाभ और सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए अपने आदर्शों का कभी भी विस्मरण नहीं होने देना चाहिए। श्रमिक क्षेत्र में पश्चिमी जगत् की चल रही इस अवधारणा को वे राष्ट्र-जीवन के लिए अत्यन्त घातक मानते थे कि श्रमिक जगत् का राष्ट्रभक्ति से क्या लेना-देना? श्रमिक आन्दोलन को तो केवल श्रमिकों की आर्थिक हित-चिन्ता करते हुए आन्दोलनों का ही सहारा लेकर औद्योगिक क्षेत्र में टकराव की स्थिति उत्पन्न करनी चाहिए।

श्रमिक उत्पादक है

इसके विपरीत उनका यह सुनिश्चित अभिमत था कि श्रमिक भी राष्ट्र-जीवन का उतना ही अत्यन्त महत्वपूर्ण अंग है जितना कि समाज-जीवन का अन्य कोई अंग हो सकता है। श्रमिक मात्र वेतनभोगी कर्मचारी नहीं है, वह राष्ट्र-जीवन में विविध वस्तुओं का उत्पादक है। इसीलिए हमारी श्रेष्ठ संस्कृति में संसार के सर्वप्रथम शिल्पकार को भगवान् विश्वकर्मा कहकर गौरवान्वित किया गया है। श्रमिकों को भरपेट भोजन, वस्त्र, निवास आदि की सुविधायें प्राप्त होनी ही चाहिएँ। किन्तु उसके अन्दर अपने-आपको शेष समाज से पृथक एक वर्ग मानने की दूषित भावना उत्पन्न नहीं होने देना चाहिये और यह तभी सम्भव है जब श्रमिक वर्ग की दैनन्दिन जीवन की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए सक्रियता दिखाने के साथ-साथ उनके हृदयों में प्रखर राष्ट्रभक्ति की ज्वाला भी उन्हें संघ शाखा पर लाकर प्रज्वलित की जाए।

राजनीतिक क्षेत्र

अपने देश के राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय स्वयंसेवकों से संघ-शाखाओं द्वारा उनमें अनुप्राणित किए गए आदर्शवाद का पूर्ण निष्ठा के साथ पालन करने का बड़ा ही जबरदस्त आग्रह श्रीगुरुजी का था। इस संबंध में भारतीय जनसंघ की स्थापना के कुछ समय बाद तमिलनाडु में जनसंघ का कार्य प्रारम्भ होने पर वहाँ के प्रदेश अध्यक्ष डा. जॉन नामक एक ईसाई सज्जन श्रीगुरुजी से भेंट-वार्ता करने आए। उस भेंट-वार्ता में श्रीगुरुजी ने उनसे स्पष्ट शब्दों में पूछा कि आपको इस तथ्य की जानकारी होगी ही कि जनसंघ में संघ के अनेक स्वयंसेवक सक्रिय हैं और वे हिन्दू राष्ट्र की श्रेष्ठ संकल्पना के अनुयायी हैं। डॉ. जान ने प्रत्युत्तर में कहा कि हाँ, उन्हें इन तथ्यों की जानकारी है। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि ''सिध्दान्तों के विषय में संघ के स्वयंसेवकों की जो यह एकान्तिक निष्ठा है, उसका मैं हृदय से अभिनन्दन करता हूँ। मेरा यह दृढ़ विश्वास है कि भारत हिन्दू राष्ट्र ही है। इसके अतिरिक्त वह अन्य कुछ हो भी नहीं सकता।''
डॉ. जॉन के इस उध्दरण के साथ श्रीगुरुजी ने राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय स्वयंसेवकों को सचेत करते हुए कहा कि ''राजनीतिक क्षेत्र में अनेक अस्थायी बातें, अनेक आन्दोलन करने पड़ते हैं। आप इनसे बच भी नहीं सकते। किन्तु इसमें अपना जो मूलभूत विचार है, यदि उसका स्मरण न रहा तो काम करने का लाभ क्या? अपना विस्मरण न हो, यह भार आपके ऊपर है। .... यह सब काम करते समय अपना जो मूल है, जड़ है, उसका स्मरण याने अपनी धयेयवादिता, अपना जीवन का लक्ष्य, उसके अनुसार अपने चारों ओर कार्यकर्ताओं को बनाना, तदनुसार अपने कार्य का मार्गदर्शन करना, उसको उस ढंग से चलाना चाहिए। इसलिए बार-बार सब कार्यकर्ताओं को एकत्र बैठकर, चिन्तन-परामर्श करते हुए, आवश्यकता पड़ने पर गम्भीर विचार-विनिमय करते हुए यह अध्ययनशीलता सब में उत्पन्न करने की आवश्यकता है। अपनी ध्येयनिष्ठा, ध्येयवादिता, ध्येय का जागरण हृदय में अत्यन्त स्पष्ट रखना चाहिए। कहीं पर भी उसको धुँधला नहीं होने देना चाहिए। संघ के द्वारा जिसका पोषण हुआ यह अपना आदर्शवाद अत्यन्त प्रभावपूर्ण चेतना देने वाला सामर्थ्य है और उस कारण संघ को भी हम लोग बढ़ा देंगे। यह सब लोगों के ध्यान में रखना चाहिए।''
श्रीगुरुजी के उपर्युक्त कथन से स्पष्ट है कि वे जोड़-तोड़ की अवसरवादी राजनीति के स्थान पर उच्चादर्शों पर आधारित समाजसेवी एवं सर्वजन हितकारी राजनीति को वरीयता प्रदान करते थे तथा राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय व्यक्तियों से यह अपेक्षा करते थे कि वे अपने-आपको नवीनतम ज्ञान से लाभान्वित करें।

वनवासी समाज

स्वामी विवेकानन्द की भाँति श्रीगुरुजी अपने देश के समस्त समाज-बन्धुओं को एक विराट और विशाल परिवार का अभिन्न घटक मानते थे। अत: सुदूर गिरि-पर्वतों, कन्दराओं, उपत्यकाओं आदि अत्यन्त बीहड़ और दुर्गम क्षेत्रों में निवास करने वाले अपने समाज-बन्धुओं की उन्हें विशेष चिन्ता रहती थी। किन्तु आधुनिक प्रगतिशील कहे जाने वाले बुध्दिजीवियों तथा पश्चिमी जगत् के तथाकथित इतिहासकारों के उच्छिष्ट ज्ञान को ब्रह्म वाक्य मानकर चलने वाले अपने शासन-तन्त्र द्वारा उन समाज-बन्धुओं को 'आदिवासी' शब्द से सम्बोधित किया जाना श्रीगुरुजी को स्वीकार्य नहीं था। उनका कहना था कि उक्त सम्बोधन पृथकता के असत्य भाव का पोषण कर अपने ही समाज-बान्धवों को अपने से दूर करने का आत्मघाती मार्ग प्रशस्त करता है। अत: वे उन्हें वनवासी अथवा गिरिजन संज्ञा से सम्बोधित करते थे।?
श्री गुरुजी का यह भी सुनिश्चित मत था कि आधुनिक मानदण्डों के आधार पर वनवासी समाज को अत्यन्त पिछड़ा और हीन मानने की प्रवृत्ति अत्यन्त निन्दनीय है। वनवासी समाज में बल, बुध्दि, पौरुष, मेधा, पराक्रम आदि सद्गुणों की बहुलता है। सच्चाई तो यह है कि पश्चिमी जगत् की तथाकथित औद्योगिक सभ्यता से उत्पन्न अनेकानेक गम्भीर दोषों से अपना यह समाज-बन्धु पूरी तरह मुक्त है तथा वह समाज वस्तुत: 'आर्य' संज्ञा को ही सार्थक करता है।
अपने इस कथन की पुष्टि में उन्होंने मध्य प्रदेश के जशपुर नामक स्थान पर वनवासी कल्याण आश्रम द्वारा संचालित केन्द्र का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए स्पष्ट किया था कि ''उक्त आश्रम में निवास कर अपना विद्याध्ययन करने वाले वनवासी समाज-बन्धुओं के बालक श्रीमद्भगवद्गीता तथा संघ-शाखा में नियमित बोली जाने वाली प्रार्थना आदि संस्कृत श्लोकों का उच्चारण इतने अधिक शुध्द रूप में करते हैं कि उनको 'वन्य' कहना भी अनुपयुक्त प्रतीत होता है। 'आर्य' संज्ञा गुणवाचक है, जातिवाचक नहीं। 'आर्य' शब्द का एक अर्थ अपनी संस्कृत वर्णमाला के सभी अक्षरों एवं स्वर-संयुक्त अक्षरों का शुध्द उच्चारण करने की पात्रता रखना होता है। दूसरे शब्दों में जो उनका सस्वर शुध्द उच्चारण करने में सक्षम है, वही 'आर्य' कहलाने योग्य है। इस दृष्टि से वे सभी 'आर्य' हैं।''
असम प्रदेश की कुछ वन्य जातियों में गोमांस भक्षण की कुप्रथा प्रचलित है। इस तथ्य को लेकर कतिपय धर्माचार्यों ने एक बार श्रीगुरुजी से प्रश्न किया कि उन्हें 'हिन्दू' कैसे कहा जाए? श्रीगुरुजी ने उनके समक्ष ही उन वन्य जातियों के परमपंथी, बालगोविन्द पंथी आदि साधुओं से वार्ता की। वार्ता का निष्कर्ष था कि ''वहाँ के लोग गोमांस खाते हैं, इसके लिए दोष और पाप आचार्य लोगों का है। वैष्णवधार्मीय, महास्वामी शंकरदेव महासाधु के अनुयायी सत्राधिकारियों ने किसी की धर्म-सम्बन्धी सद्भावना जागृत नहीं की, संस्कार भी नहीं किये। केवल दक्षिणा ली। संस्कार प्राप्त न होने से वे गोमांस खाते हैं तो शिष्य के अपराधा का दोष गुरु का और दण्डनीय हो जाता है, ऐसा अपने यहाँ शास्त्रों में कहा गया है।'' धर्माचार्यों को यह तथ्य समझ में आ गया और उन्होंने श्रीगुरुजी को कहा कि ''आपका कथन पूर्णतया शास्त्रसम्मत है।''
श्रीगुरुजी ने बारम्बार यह स्पष्ट किया कि वनवासी समाज के रूप में अपने समाज का यह बहुत बड़ा वर्ग अत्यन्त बुध्दिमान, चारित्र्यवान, कर्तृत्ववान और साहसी है। आवश्यकता उनको सुसंस्कारित करने की है। अत: श्रीगुरुजी का आग्रह था कि अपने अधिकाधिक स्वयंसेवक बन्धु वनवासी समाज-बन्धुओं के मध्य जाकर कार्य करें तथा हिन्दू समाज से एकरूप करने वाली अपनी संघ-शाखाओं का विस्तार कर उन अपने समाज-बन्धुओं को शिक्षित एवं संस्कारित कर उनकी क्षमता बढ़ायें तथा अपने हिन्दू समाज को और अधिक सामर्थ्यवान बनाने में अपना योगदान करें।
---------------------------------------------------
साभार - श्री गुरूजी जन्म शताब्दी वर्ष